सेक्टर-17 ई की साहिब सिंह और इंपायर स्टोर पेड पार्किंग स्थलों में ऑटोमेटिक सिस्टम लग गया है। जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा। निगम ने प्रस्ताव तैयार किया गया है कि अगर सिस्टम में कोई तकनीकी खराबी आ जाती है तो चालक से पार्किंग चार्ज नहीं लिया जाएगा।
इस माह होने वाली वित्त एवं अनुबध कमेटी की बैठक में इस पर निर्णय लिया जाएगा। हालांकि पार्किंग ठेकेदार इस प्रस्ताव से नाराज हैं। उनका कहना है कि सिस्टम में खराबी होने पर चालक से पुराना पार्किंग शुल्क जरूर लेना चाहिए, अन्यथा उन्हें नुकसान होगा।
पूर्व मेयर एवं वार्ड पार्षद प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि यह पायलट प्रोजेक्ट है। सफल रहने पर शहर की अन्य पेड पार्किंगों में भी लागू किया जाएगा।
नए साल से दोनों पेड पार्किंगों में ऑटोमेटिक सिस्टम चालू होने के बाद वाहन पार्क करना महंगा हो जाएगा। यहां वाहन पार्क करने पर पहले चार घंटे के पांच रुपये और अगले हर घंटे के लिए पांच रुपये अतिरिक्त चार्ज किया जाएगा। पूरा दिन वाहन पार्क करने की फीस 25 रुपये तय की गई है। शहर की अन्य पेड पार्किंग में यह मात्र पांच रुपये है।
हाईकोर्ट ने नो व्हीकल जोन बनाने के आदेश दिए थे
प्लाजा और ब्रांडेड शोरूम नजदीक होने के कारण सेक्टर-17 ई की दोनों पेड पार्किंग अहम हैं। हाईकोर्ट ने छह माह पहले नगर निगम को दोनों को नो व्हीकल जोन बनाने के आदेश दिए थे।
निगम ने अपील दायर करते हुए दोनों व्यवस्थिति तरीके से चलाने का दावा करते हुए कुछ सुझाव लागू करने का भरोसा दिया था। नो व्हीकल जोन का मामला अभी भी अदालत में विचाराधीन है। बुधवार को हुई पेड पार्किंग स्थलों की नीलामी में दोनों को शामिल नहीं किया गया था।
यह है ऑटोमेटिक सिस्टम
इस सिस्टम के तहत चालक के वाहन और उसके आने और जाने का समय पूरा रिकार्ड होगा। प्रवेश करने पर इलेक्ट्रॉनिक पची दी जाएगी। प्रवेश द्वार पर ही पता लग जाएगा कि भीतर वाहन की कितनी क्षमता है।