मनीमाजरा। एनएसी में कार बाजार वाली जगह हिमाचल नंबर की गाड़ियां खड़ी कर उस जगह को टैक्सी स्टैंड बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण विभाग ने उनकी नौ गाड़ियों को जब्त किया। सभी गाड़ियां हिमाचल प्रदेश नंबर की थीं। इनको हिमाचल से आने वाले टैक्सी चालकों ने एनएसी पॉकेट नंबर वन के शोरूम की पार्किंग में खड़ी कर एक तरह से टैक्सी स्टैंड बना दिया था।
मनीमाजरा में तैनात अतिक्रमण विभाग के इंस्पेक्टर वेदप्रकाश गौतम ने इन पर कार्रवाई करते हुए सभी गाड़ियों को जब्त करके उनके चालान काटे। इस जगह पर रविवार को कार बाजार भी लगाता है। वहीं, अतिक्रमण हटाओ दस्ते की टीम ने शिवालिक गार्डन के पास लेबर चौक के सामने फुटपाथ पर रखकर पुराने फर्नीचर बेचने वालों को वहां से हटाकर उनका फर्नीचर और अन्य सामान जब्त कर चालान काटा। इसी तरह शांति नगर की सड़क पर शाम को लगने वाली रेहड़ी-फड़ी को हटाने के लिए रात को 9:00 बजे तक दो कर्मचारियों को तैनात किया गया है। इससे जाम से मुक्ति मिल सकेगी।