स्पेशल टास्क फोर्स ने हेरोइन की होम डिलीवरी करने वाली एक नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार कर उससे एक किलो हेरोइन बरामद किया है। महिला जब हेरोइन की डिलीवरी देने के लिए जा रही थी, इस दौरान एसटीएफ ने उसे दबोच लिया। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत मार्केट में करीब एक करोड़ से ज्यादा की बताई जा रही है।
महिला की पहचान जाय चीका ऊजोमा निवासी नाइजीरिया के रूप में हुई है, वह दिल्ली और नोएडा में रहती है। वहीं पता चला है कि महिला हेरोइन की तस्करी काफी स्पेशल तरीके से करती थी। कहीं फलों की टोकरी, तो कही गिफ्ट पैक के जरिए वह ग्राहकों तक हेरोइन पहुंचाती थी।
एसटीएफ का दावा है कि महिला से पूछताछ में कई और राज खुलेंगे। एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त महिला हेरोइन सप्लाई करती है और खेप पहुंचाने मोहाली आ रही है। सूचना मिलते ही एसटीएफ ने महिला को नेचर पार्क के पास से दबोच लिया। इसके बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से एक किलो हेरोइन बरामद हुई।
सूत्रों के मुताबिक, महिला पर किसी को शक न हो इसलिए उसने हेरोइन को फलों के टोकरे में छिपा रखा था। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर रविवार को उसे कोर्ट में पेश किया। अदालत ने महिला को तीन दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
कपड़े का कारोबार करने आई थी
जानकारी के मुताबिक, हेरोइन के साथ पकड़ी गई महिला 2015 में नाइजीरिया से भारत कपड़े का कारोबार करने आई थी। महिला असम, दिल्ली और नोएडा में रहकर कपड़े बेचने का काम करती थी। इसके बाद उसने कपड़े के साथ महिला ने हेरोइन सप्लाई का काम शुरू कर दिया था।
दो दिन पहले पटियाला में दी थी ढाई किलो हेरोइन की डिलीवरी
एसटीएफ के इंचार्ज राम दर्शन ने बताया कि उक्त महिला ने दो दिन पहले पटियाला में एक पंजाबी महिला को दो किलो हेरोइन की डिलीवरी की थी, जिसके बारे में एसटीएफ द्वारा पता लगाया जा रहा है। इसके अलावा पटियाला में रहने वाली महिला को गिरफ्तार करने को टीमें भेजी गई हैं। पटियाला में उसे डिलीवरी के समय पचास रुपये मिले थे।