चंडीगढ़। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ड्रग सप्लाई करने जा रहे नाइजीरियन मूल के जोशुआ चौकवा (28) को गिरफ्तार किया है। यह युवक भारत में पर्यटन वीजा खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम सेक्टर-43 की सीटीयू वर्कशॉप के पास पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी बीच शक के आधार पर रोककर तलाशी लेने पर जोशुआ चौकवा के पास से 20.50 ग्राम आइस और 5.20 ग्राम कोकीन बरामद हुई। आरोपी प्राइम सिटी खरड़ के फर्स्ट फ्लोर पर रूम लेकर रह रहा था। पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह ड्रग तस्करी में शामिल होकर आसानी से पैसे कमाना चाहता था। वह दिल्ली में द्वारका और नोएडा में एक ड्रग तस्कर के संपर्क में आया। इसके बाद ड्रग खरीद कर चंडीगढ़ और मोहाली में महंगे दाम पर बेचने लगा। सेक्टर 36 थाना पुलिस ने जोशुआ चौकवा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की टीम पूछताछ कर ड्रग रैकेट का पता लगाने में लगी है।