चंडीगढ़। दिल्ली से चंडीगढ़ में हेरोइन सप्लाई करने आए नाइजीरियन को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि वह साल 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था, लेकिन बीच में पढ़ाई छोड़ दी और नशे के कारोबार में लग गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी के पास फिलहाल पासपोर्ट भी नहीं है। आरोपी के पासपोर्ट की जांच के लिए उसे वीरवार को दिल्ली लेकर जाएगी। जिला अपराध प्रकोष्ठ ने दिल्ली के द्वारका निवासी आरोपी डेविस (35) को मंगलवार को सेक्टर-40 में नाके के दौरान गिरफ्तार किया था। जिला अपराध प्रकोष्ठ के प्रभारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि चंडीगढ़ में हेरोइन किन-किन तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। पुलिस के अनुसार आरोपी से बरामद 314 ग्राम हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक करोड़ 70 लाख रुपये कीमत है।