करवाचौथ से एक दिन पहले एक नव विवाहिता ने ऐसा कारनामा कर दिखाया कि जिसकी परिकल्पना शायद ही कोई कर सके। दुल्हन ससुराल पक्ष के सभी जेवरात और शादी में मिले तमाम रुपये को लेकर फरार हो गई। मामला हरियाणा के अंबाला सिटी के बलदेव नगर का है। हुआ यूं कि शहर के बलदेव नगर निवासी युवक की शहर से सटे गांव की युवती से शादी हो गई। एक नवंबर को दिन में शादी हुई। शादी के अगले दिन दो नवंबर को नवविवाहिता मायके से पगफेरा डाल कर ससुराल लौटी।
उस शाम दोनों पति-पत्नी में सब कुछ सामान्य चल रहा था लेकिन कुछ ही देर बाद दुल्हन ने पति से फोन मांग लिया। इसके बाद शातिर दुल्हन ने पति को बातों में लागकर मोबाइल से सारा डाटा डिलीट कर दिया। उसके बाद बहाने से दुल्हन ने अपने दूल्हे से झगड़ा कर लिया और रात के करीब साढ़े 11 बजे गए। तनाव के बीच दूल्हे की आंख लग गई और रात डेढ़ बजे उठा तो देखा पत्नी न घर पर नहीं थी। जब उसने सारा घर खंगाला तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। छानबीन में पति ने पाया कि उसकी बीवी घर में रखे करीब 12 तोले जेवरों पर हाथ साफ कर गई।
मां की सोने की चेन भी ले गई
सूचना पीड़ित ने अपने परिजनों को दी। इसके बाद पूरा परिवार रात भर अपनी नई नवेली बहू को ढूंढने में लगा रहा। लेकिन वह नहीं मिली। सुबह तीन नवंबर को पति ने अपने ससुराल में संपर्क किया तो पता चला कि दूल्हन ने अपनी मां को भी नहीं बख्शा, वह उसकी भी सोने की चेन पर हाथ साफ कर गई।
चौकी पहुंचा परिवार
बलदेव नगर चौकी इंचार्ज वरयाम सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष सुबह आए थे। लेकिन दोनों पक्षों में समझौता की बात जारी थी लेकिन शिकायत दोनों पक्षों में से किसी ने नहीं दी। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।