बास के एक स्कूल में मंगलवार को नया स्टाफ पहुंचा। इसमें महिला शिक्षकों ने ड्यूटी संभालने के बाद छात्राओं की क्लास ली। मंगलवार को बरसात के कारण बच्चों की संख्या बेहद कम रही। बास क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद घटना का असर मंगलवार को स्कूल में देखने को मिला। स्कूल में 175 बच्चों में से मंगलवार को सिर्फ 50 छात्राएं ही पढ़ने के लिए स्कूल पहुंची। मगर प्राइमरी स्कूल की सिर्फ 10 छात्राएं ही स्कूल में मंगलवार को पहुंची।
स्कूल में आई छात्राओं के चेहरों पर घटना का असर साफ झलक रहा था। छात्राओं के चेहरों की मायूसी इस घटना को बयां कर रही थी। अपने बीच रहने वाली छात्रा को भी स्कूली छात्राएं मिस कर रही थी। पुरुष अध्यापकों की जगह लगाई गई तीन महिला अध्यापिकाएं भी मंगलवार स्कूल पहुंची। छात्राओं को पढ़ाया। स्कूल के बच्चों के साथ उनके परिजनों पर भी घटना का असर देखने को मिला। छात्राओं के परिजन घटना के कारण आज भी अपनी बच्चियों को स्कूल में भेजने से पहले सोचने को मजबूर हैं।
आरोपी टीचर को रिमांड पर लिया
अदालत ने आरोपी अध्यापक को एक दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान निशानदेही करवाकर पूछताछ करेगी। हांसी महिला थाना प्रभारी कमलेश ने बताया कि आरोपी टीचर को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड पूरा होने पर आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।