चंडीगढ़। नगर निगम ने एमसी वन पार्किंग पास सिस्टम में नया विकल्प शुरू किया है। अब शहर के लोग तिमाही, छह महीने और सालाना पार्किंग पास भी बनवा सकेंगे। इससे नियमित रूप से पार्किंग का इस्तेमाल करने वाले लोगों को सुविधा मिलने के साथ पैसे की बचत भी होगी।
शहर के मेयर सौरभ जोशी ने बताया कि पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह नई व्यवस्था लागू की गई है। इसका उद्देश्य नगर निगम की पार्किंग का अधिक उपयोग करने वाले लोगों को सस्ती और आसान सुविधा उपलब्ध कराना है। मेयर के अनुसार चार पहिया वाहन के लिए सालाना पार्किंग पास 4200 रुपये में मिलेगा। इससे लोगों को मौजूदा मासिक पास के मुकाबले करीब 1800 रुपये की बचत होगी। वहीं दो पहिया वाहन के लिए सालाना पास 2100 रुपये में उपलब्ध होगा, जिससे लगभग 900 रुपये की बचत होगी।
इसके अलावा छह महीने का पास भी शुरू किया गया है। चार पहिया वाहन के लिए यह पास 2200 रुपये और दो पहिया के लिए 1100 रुपये में मिलेगा, जिससे क्रमशः 800 और 400 रुपये की बचत होगी। नगर निगम ने तीन महीने के लिए तिमाही पास की सुविधा भी दी है। चार पहिया वाहन के लिए तिमाही पास 1200 रुपये और दो पहिया वाहन के लिए 600 रुपये में मिलेगा। हालांकि मासिक एमसी वन पास की फीस पहले की तरह चार पहिया के लिए 500 रुपये और दो पहिया के लिए 250 रुपये ही रहेगी। मेयर ने कहा कि इस पहल से शहर में पार्किंग व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।