500 और एक हजार रुपये के नोट बंद होने से घबराए लोगों के लिए राहत की खबर है। वीरवार से 2 हजार के नए नोट सभी सरकारी और निजी बैंकों में उपलब्ध हो जाएंगे। वहीं शुक्रवार से सभी एटीएम पर भी नई करेंसी मिलने लगेगी। हालांकि अभी बैंकों से 500 रुपये के नए नोट नहीं मिल पाएंगे। इनके शहर में आने में 2-3 दिन लगेंगे। फिलहाल लोग 500 और 1000 के नोट बैंक में जमा करवाकर उसके बदले में 2000 या 100 रुपये के नोट ले सकते हैं।
एसबीआई और पीएनबी के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरबीआई की ओर से बुधवार को सभी बैंकों को नई करेंसी जारी कर दी गई है। आरबीआई की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार लोग अपने बैंक खाते में जितना चाहे पैसा जमा करवा सकते हैं। पैसा जमा करवाने की कोई सीमा नहीं रखी गई है, जबकि बैंक काउंटर से अपने खाते से 18 नवंबर तक एक दिन में अधिकतम 10 हजार और सप्ताह में 20 हजार रुपये तक निकाल सकते हैं।
इसके अलावा लोग बैंक से 500 और 1000 के केवल 4000 रुपये तक के नोट बदलवा सकते हैं। वह भी इस शर्त पर कि उनका बैंक खाता उसी बैंक में हो। अगर वह किसी अन्य बैंक में जाते हैं तो उन्हें आईडी, बैंक खाता नंबर और अन्य जानकारी देनी होगी।
इसके अलावा शुक्रवार से सभी एटीएम में भी नई करेंसी आ जाएगी।
बैंकों में तैनात किए जाएंगे पुलिसकर्मी
- फोटो : File Photo
बैंकों में तैनात किए जाएंगे पुलिसकर्मी
वीरवार को सभी बैंकों में नोट बदलने को लेकर अच्छी खासी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसे देखते हुए सभी बैंकों की ओर से यूटी पुलिस से सभी ब्रांच में पुलिसकर्मी तैनात करने की मांग की गई है। एसएसपी की ओर से बैंकों की सभी शाखाओं में पुलिस फोर्स की तैनाती के निर्देश जारी किए गए हैं।
वहीं बैंकों में लोगों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएंगे। वहीं आरबीआई की ओर से बैंकों को इसे लेकर कुछ दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। आरबीआई में भी नोट बदलवाने की व्यवस्था की गई है। शुरुआत में लोगों के रिस्पांस के बाद ही आरबीआई में भी काउंटर बढ़ाए जाएंगे। वहीं बैंकों ने नोट जमा करवाने के लिए खास तरह का फार्म भी बनाया है।
इनकम टैक्स विभाग की रहेगी नजर
बंद हो चुके नोटों को बैंकों में जमा करवाने वालों पर इनकम टैक्स विभाग की खास नजर रहेगी। हालांकि विभाग की ओर से अभी इसकी कोई सीमा तय नहीं की गई है। शुरुआत में लोगों के पैसे जमा कराने के आंकड़े के बाद ही यह तय किया जाएगा। फिलहाल 50 हजार रुपये और उससे अधिक के लिए पैन कार्ड नंबर जरूरी है। अगर लोग बड़ी अमाउंट में पैसा जमा करवाते हैं तो विभाग इस पर फौरन एक्शन लेगा।
शेयर बाजार पर मिलाजुला असर, सोना-चांदी चमकी
- फोटो : फाइल फोटो
केंद्र सरकार की ओर से 500 और 1000 रुपये के नोट बंद करने की घोषणा के बाद बुधवार को पूरे दिन शेयर बाजार पर मिलाजुला असर देखने को मिला। सुबह जब बाजार खुला तो करीब 1200 प्वाइंट की गिरावट देखने को मिली। एक ओर शेयर बाजार में सरकार के फैसले का असर था तो वहीं दूसरी ओर अमेरिका में राष्ट्रपति के चुनाव के परिणाम को लेकर असमंजस।
इससे जहां शेयर बाजार में गिरावट आ रही थी वहीं दूसरी ओर नोट बंद होने की घोषणा से इनवेस्टर्स ने सोने और चांदी में निवेश किया, जिससे इनके दाम चढ़ते रहे। विक्सन शेयर ब्रोकिंग फर्म के वीके जोशी के अनुसार बाजार में सुबह गिरावट जरूर थी, लेकिन बाद में घरेलू संस्थाओं ने 10 हजार करोड़ रुपये की खरीदारी की, वहीं एफआईआई में 20 हजार करोड़ रुपये सेलिंग की। इससे शाम तक मार्केट ने अच्छा रिकवर कर लिया। बीएससी केवल 338 प्वाइंट गिरावट के साथ बंद हुआ।