गुरुग्राम शहर के अस्पताल के पुराने भवन की जगह पर नए भवन का निर्माण करने का प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है और यह अस्पताल 400 बिस्तर का बनाया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की ओर से शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने विस सत्र के दौरान एक सवाल के जवाब में यह उत्तर दिया।
उन्होंने बताया कि 7.73 एकड़ उपलब्ध भूमि पर एक 400 बिस्तर का अस्पताल बहिरंग रोगी विभाग, अंतरंग रोगी विभाग, निजी कमरे, आपातकालीन, ऑपरेशन थियटर, आईसीयू, एचडीयू प्रसूति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्रयोगशाला, फिजियोथरेपी, आयुष, रक्तकोश इत्यादी सुविधाओं सहित निर्मित किया जाना प्रस्तावित है। इसके निर्माण में तीन वर्ष लगने की संभावना है। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि पटौदी के अस्पताल को अपग्रेड करने के लिए जांच करवा ली जाएगी।
सातरोड कलां में पीएचसी का निर्माण
हरियाणा के बरवाला विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के गांव सातरोड़ कलां में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण 6 माह में शुरू होने की संभावना है, जबकि लाडवा में स्वास्थ्य विभाग के नाम पर भूमि स्थानांतरित होने के उपरांत प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नूंह के नागरिक अस्पताल में उपलब्ध कराए जाएंगे उपकरण
नूंह के मंडी खेड़ा के नागरिक अस्पताल में जिन भी उपकरणों और मशीनों की कमी है, उनको चार माह में पूरा किया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जारी है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की गैर हाजिरी में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने हरियाणा विधानसभा में सत्र के दौरान एक प्रश्न का उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिक अस्पताल मंडी खेड़ा में पीने के पानी की कमी नहीं है।