हाल ही में गांव मौली में गंदे नाले में सीमेंट के कट्टे में मिले जीवित नवजात के बाद अब बुधवार रात को सेक्टर-20 के झाड़ियों में एक नवजात बच्ची का शव चुन्नी में लिपटा मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को सेक्टर-16 के जीएमएसएच के शवगृह में रखवा दिया है। सेक्टर-19 थाना पुलिस ने अज्ञात परिजनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 318 के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है लेकिन अभी तक पुलिस के हाथ ठोस सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 10 बजे सेक्टर-20 स्थित मस्जिद से कुछ दूरी पर राहगीर ने एक नवजात बच्ची को चुन्नी में लिपटा देख पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-19 थाना एसएचओ मिनी भारद्वाज अन्य पुलिस टीम के साथ मौके पहुंची। पुलिस ने तुरंत बच्ची को जीएमएसएच-16 पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार बच्ची एक दो दिन की ही है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। इसके अलावा पुलिस अस्पताल से गर्भवती महिलाओं का रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि उस बच्ची के माता-पिता का पता चल सके। घटनास्थल में मौजूद आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
27 नवंबर को मौली गांव में मिला नवजात जीएमसीएच में है भर्ती
मौली गांव में 27 नवंबर को मिले एक दिन के जीवित नवजात सेक्टर-32 के जीएमसीएच में भर्ती है। उसकी हालत को बेहतर है लेकिन उसे न तो मां का प्यार मिला और न ही बाप का। इसी तरह सेक्टर-20 की झाड़ियों में नवजात बच्ची का शव मिला और उसने तो जन्म लेते ही दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह दोनों बच्चे अविवाहितों के हो सकते हैं।