गठबंधन सरकार में न बच्चियां सुरक्षित, न ही महिलाएं : सैलजा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस कमेटी की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार में न बच्चियां सुरक्षित है और न ही महिलाएं। बच्चों के विरूद्ध अपराध में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है तो प्रदेश में हर रोज बलात्कार के 5 मामले सामने आ रहे है। हालात तो ये है कि शिक्षा के मंदिर में भी छात्राएं सुरक्षित नहीं है। जींद और कैथल की घटनाएं शर्मसार करने वाली है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों ने हरियाणा के सुशासन की पोल खोलकर रख दी है। रंगदारी, हत्याएं और अपहरण की वारदातें तेजी से बढ़ रही है।
जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा है कि एनसीआरबी के 2022 के आंकड़े बताते है कि महिलाओं से अपराध में दिल्ली के बाद हरियाणा देश में दूसरे स्थान पर है, इतना ही नहीं प्रदेश में डकैती, अपहरण और रंगदारी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। आंकड़े बताते हैं कि 2022 में 234 महिलाओं कह दहेज के लिए हत्या की गई, छह महिलाओं पर तेजाब से हमले किए गए और 1272 बच्चियों से यौन शोषण के केस दर्ज किए गए।