फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नीट आज: 3800 अभ्यर्थियों की परीक्षा, 7 केंद्रों पर सुरक्षा का अभेद्य घेरा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित होगी। शहर के सात परीक्षा केंद्रों पर करीब 3800 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पिछले वर्षों में पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवादों के बाद इस बार प्रशासन और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने सुरक्षा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन

उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने बताया कि सभी सात केंद्रों पर 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्रीय डीएसपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए हर केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री को निर्धारित बैंक से परीक्षा केंद्रों तक केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीआरपीएफ) व चंडीगढ़ पुलिस की सुरक्षा में पहुंचाया जाएगा। यह प्रश्नपत्र अर्द्धसैनिक बलों की सुरक्षा में चंडीगढ़ पहुंचेगा। यूटी प्रशासन का दावा है कि सामग्री की गोपनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था बनाई गई है।
नकल और किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक जैमर लगाए गए हैं। अभ्यर्थियों की दो स्तर पर फ्रिस्किंग होगी। पहली जांच स्थानीय पुलिस और दूसरी एनटीए की ओर से नियुक्त पेशेवर एजेंसी करेगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट डिवाइस और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं पर पूरी तरह रोक रहेगी।
विज्ञापन

परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, वेंटिलेशन और स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाने तथा परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटा पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
उधर, विद्यार्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह के साथ तनाव भी देखा जा रहा है। अभ्यर्थियों का कहना है कि महीनों की मेहनत के बाद उनकी सबसे बड़ी उम्मीद निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा है। कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने पिछले कई महीनों से प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक तैयारी की है और अब बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। विद्यार्थियों ने भरोसा जताया कि इस बार सख्त सुरक्षा व्यवस्था के चलते परीक्षा निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगी।

कोट-1 |
पिछले कई महीनों से लगातार तैयारी कर रही हूं। अब उम्मीद है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को उनका सही परिणाम मिल सके। -समीक्षा, अभ्यर्थी

कोट-2 |
परीक्षा को लेकर थोड़ा तनाव जरूर है, लेकिन तैयारी पूरी है। इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखकर भरोसा बढ़ा है कि परीक्षा निष्पक्ष माहौल में होगी। -सौरव, अभ्यर्थी

कोट-3 |
रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई की है। अब पूरा फोकस परीक्षा पर है। उम्मीद है कि इस बार किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी और सभी छात्रों को समान अवसर मिलेगा। -विकास मिश्रा, अभ्यर्थी

कोट-4 |
डॉक्टर बनने का सपना लेकर मेहनत की है। परिवार और शिक्षकों का पूरा सहयोग मिला। अब भरोसा है कि मेहनत का परिणाम मिलेगा और परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। -अरमान, अभ्यर्थी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें