चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. राजकुमार ने कहा कि आज का समय ऑनलाइन का है। इसका लाभ ऑनलाइन तरीकों से उठाया जा सकता है। स्वयं प्लेटफार्म विद्यार्थियों को बहुत सुविधाएं प्रदान करता है। इसका विद्यार्थियों को लाभ उठाना चाहिए। साथ ही शिक्षक भी इस कार्य को तेजी से आगे बढ़ाएं। वीसी स्वयं समिति की बैठक में ऑनलाइन बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य मौजूदा संकट में छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा, संरक्षण और संवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से शुरू किए गए स्वयं कार्यक्रम के प्रमुख सिद्धांत पहुंच, इक्विटी और गुणवत्ता को प्राप्त करने का है। स्वयं मंच उन छात्रों के लिए डिजिटल डिवाइस को पाटना चाहता है जो डिजिटल क्रांति से अछूते रहे हैं और ज्ञान अर्थव्यवस्था की मुख्यधारा में शामिल नहीं हो पाए हैं।
इस समय कोविड चल रहा है। ऐसे में इस प्लेटफार्म का महत्व और कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कोर्सेज के जरिये विद्यार्थियों को बेहतर ज्ञान मिल सकता है। समय का जिनके पास अभाव होता है वह तमाम लोग ऑनलाइन शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। सभी विद्यार्थियों व छात्रों को इस समय का सदुपयोग करना चाहिए।