चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सभी बंदोबस्त इस जानलेवा बीमारी के सामने असफल साबित हुए । बुधवार को स्वाइन फ्लू के 3 नए मामले सामने आए। पिछले दो दिनों से शहर में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 13 से बढ़कर 17 हो गई है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने 3 नए स्वाइन फ्लू मरीजों की पुष्टि की है। इसमें 35 वर्षीय मरीज सेक्टर-24 का रहने वाला है, 44 वर्षीय मरीज सेक्टर-18 का रहने वाला है। इसके अलावा एक महिला है। जिसमें स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया है। 35 वर्षीय महिला सेक्टर-52 की रहने वाली है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इनमें से स्वाइन फ्लू के दो मरीजों को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया गया है, जबकि एक मरीज को जीएमसीएच-32 में भर्ती कराया गया है।
डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि मरीज फिलहाल ठीक हैं। स्वास्थ्य विभाग ने शहर के सभी गर्वनमेंट व प्राइवेट अस्पतालों को दिशा निर्देश जारी किए है कि सभी अस्पताल रोजाना अपनी रिपोर्ट मलेरिया विभाग को भेजेंगे। साथ ही आने वाले मरीजों के छोटे से छोटे लक्षणों को भी अनदेखा न करें, ताकि शुरुआती दौर में ही स्वाइन फ्लू व डेंगू को डायग्नोस किया जा सके।