-परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने की अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
-पंचकूला डिपो से शुरू होगा प्रोजेक्ट, बाद में इसे पूरे प्रदेश में किया जाएगा लागू
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज विभाग में ई टिकटिंग के सफल प्रयोग के बाद अब नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) की सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। 18 सितंबर को पंचकूला डिपो से इसकी आधिकारिक लांचिंग की जाएगी। इसके बाद इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। इससे हरियाणा परिवहन की बसों में रियायती दरों पर यात्रा करने वाले यात्रियों का पूरा डाटा इस कार्ड में होगा। इस संबंध में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने वीरवार को यहां विभाग के अधिकारियों के समीक्षा बैठक की। बैठक में बताया गया कि कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, सप्ताह भर में कार्ड बन जाएगा। इसके अलावा, डिपो पर भी कार्ड की सुविधा रहेगी। बैठक में परिवहन विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क उपस्थित थे।
बाक्स
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की विशेषता
इस कार्ड में रियासती सेवाएं लेने वाले व्यक्ति का पूरा डाटा होगा। ऐसे विद्यार्थी, दिव्यांगों समेत 42 श्रेणीयों के व्यक्ति शामिल हैं। साथ ही किसी व्यक्ति के किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट दी गई है तो वह नकद व एनसीएमसी कार्ड से भी भुगतान कर सकता है। इस कार्ड को रिचार्ज करवाने की सुविधा भी परिवहन विभाग द्वारा दी गई है।
हरियाणा परिवहन की बसों में हो रही है 50 प्रतिशत ई-टिकटिंग
परिवहन मंत्री ने कहा कि इस समय हरियाणा परिवहन की बसों में 2317 मशीनों के माध्यम से ई-टिकटिंग की जा रही है जिससे विभाग का लगभग तीन महीने में 17 करोड़ रुपये का राजस्व बढ़ा है। बेड़े में इस समय कुल 3723 बसें हैं जिनमें से 562 बसे निजी बस मालिकों से बस किराए पर चलाई जा रही हैं। अब प्रतिदिन लगभग 8 लाख 6 हजार यात्री यात्रा करते हैं और बसें प्रतिदिन औसतन 10 लाख 77 हजार किलोमीटर की दूरी तय करती हैं।
बेडे में शामिल हुई 1370 बसें
मंत्री ने कहा कि बेड़े में 1222 साधारण बसें, 128 मिनी बसें और 20 एचवीएसी, कुल 1370 बसें शामिल की गई हैं। 12 मीटर स्टैंडर्ड फ्लोर एसी इलेक्ट्रिक बसें 375 ई-बसों की खरीद के प्रस्ताव को उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति की बैठक में स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इन बसों का संचालन 9 शहरों क्रमश: करनाल, सोनीपत, अंबाला, यमुनानगर, पानीपत, हिसार, रोहतक, पंचकूला और रेवाड़ी में किया जाएगा। हरियाणा पैसेंजर टैक्स अप्रैल-जुलाई 2022 के मुकाबले अप्रैल-जुलाई 2023 तक लगभग 7 प्रतिशत अधिक दे रहा है।