निर्दलीय विधायक रावत हो गए थे नाराज, विधानसभा अध्यक्ष ने सीएम से करवाई मुलाकात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सैनी सरकार के अफसरों से खफा चल रहे निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत आखिरकार मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद देर रात मान गए। बुधवार देर रात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात के बाद रावत ने कहा कि उनकी सरकार से कोई नाराजगी नहीं थी, बल्कि अधिकारियों की कार्यप्रणाली से उन्हें परेशानी थी। सीएम ने आश्वासन दिया है कि वह इस मामले को निजी तौर पर देखेंगे और अधिकारियों से जवाब लेंगे। रावत ने कहा कि वह मजबूती से सरकार के साथ खड़े हैं।
पृथला से निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत की नाराजगी की खबरें बुधवार सुबह सामने आई थीं। कहा गया कि वह सरकार से नाराज हैं और वीरवार को बड़ा फैसला ले सकते हैं। इससे भाजपा सरकार की नींदें उड़ गईं। उनके समर्थन वापस लेने से राज्य की सैनी सरकार अल्पमत में आ सकती थी। रावत की नाराजगी खबर जैसे ही भाजपा नेताओं के पास पहुंचीं पार्टी ने उन्हें मनाने की कोशिश शुरू कर दीं। रावत को मनाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की ड्यूटी लगाई गई। गुप्ता ने पहले रावत से बात की और देर रात उन्हें लेकर सीएम हाउस पहुंचे। सीएम नायब सिंह सैनी ने रावत से बात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके कोई काम नहीं रुकेंगे। अधिकारियों से वह खुद जवाब लेंगे।
यदि रावत सरकार से समर्थन वापस लेते तो सैनी सरकार के लिए मुश्किलें बढ़ सकती थीं। 90 विधायकों विधानसभा में वर्तमान में विधायकों की संख्या 87 है। भाजपा को बहुमत के लिए 44 विधायकों की जरूरत है। फिलहाल उसके पास बहुमत है। मगर जैसे ही एक विधायक समर्थन वापस लेगा सरकार अल्पमत में आ सकती है। भाजपा के पास विधायकों की संख्या 41 है और उसे एक निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत और हरियाणा लोकहित पार्टी के विधायक गोपाल कांडा का भी समर्थन मिला है। इसके अलावा कांग्रेस छोड़ तोशाम से विधायक किरण चौधरी भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। इस हिसाब से भाजपा के पास 44 विधायकों का समर्थन है।
दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व से मिले हरियाणा के नेता
हरियाणा में राजनीतिक घटनाक्रम की गतिविधियां तेज हो गई हैं। बुधवार को सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वहीं, भाजपा नेता अशोक तंवर व हरियाणा सरकार को समर्थन दे रहे विधायक गोपाल कांडा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात की। इस दौरान राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की गई।