कहा- आप की आदत केवल झूठ बोलना और अपनी कमियों का दोष दूसरों पर मढ़ना है
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा चलाई जा रही दिल्ली सरकार की आदत केवल झूठ बोलना और अपनी कमियों का दोष दूसरों पर मढ़ने की है। सीएम ने स्पष्ट किया कि सीएलसी नहर के जरिये दिल्ली को जाने वाले पानी का बीओडी शून्य के बराबर है। सीएम सैनी ने सवाल किया कि दिल्ली सरकार बताए कि दिल्ली बॉर्डर से ओखला तक जो पानी के 28 नाले जाते हैं, उनमें प्रदूषण के लिए जिम्मेदार कौन है? केंद्र सरकार से यमुना साफ करने के लिए दिल्ली सरकार को अभी तक 6000 करोड़ रुपये से ज्यादा मिले हैं, पिछले 2 साल में ही दिल्ली सरकार को 3000 करोड़ रुपये केंद्र से मिले हैं। सैनी ने पूछा कि केंद्र से मिले हुए पैसे का दिल्ली सरकार ने क्या किया? सरकारी पैसे से शीशमहल बनाना और जनता के मुद्दों को नजरंदाज करना आम आदमी पार्टी की आदत है।