चंडीगढ़। सेक्टर-18 स्थित टेगोर थिएटर में शेरू क्लासिक बॉडी बिल्डिंग मुकाबले में 300 से अधिक बॉडी बिल्डर्ज ने हिस्सा लिया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सात से अधिक कैटेगरी में मुकाबले करवाए गए। इनमें मेंस बॉडी बिल्डिंग, मेंस फिजीक, मेंस क्लासिक फिजीक, वुमेंस क्लासिक फिजीक, वुमेंस बिकिनी, वुमेंस फिगर और वुमेंस फिटनेस आदि शामिल थे।
खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के बीच में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान भी थिएटर में पहुंच गए। उन्होंने बॉडी बिल्डिंग कर रहे प्रतिभागी खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की और विजेता खिलाड़ियों को इनाम देकर सम्मानित किया।
शेरू क्लासिक के चंडीगढ़ सेल की प्रतियोगिता के दौरान मेंस बॉडी बिल्डिंग में जाडर्न के मोहम्मद नसोर ने पहला स्थान हासिल किया। मेंस क्लासिक फिजीक में भारत के सुनील निसार शाह चैंपियन बने। वुमेंस फिगर में टूनेशिया की टराबेल्सी रिहाब ने पहला स्थान हासिल किया। इवेंट के चीफ ऑपरेटिंग अधिकारी मनीष एम. गांधी ने बताया कि शेरू क्लासिक बॉडी बिल्डिंग से जुड़े लोगों को प्रोफेशनल मंच प्रदान करता है।
वुमेंस फिजीक व वुमेंस बिकिनी प्रतियोगिता में भारत जीता
वुमेंस फिजीक में भारत की स्नेहा जयसवाल ने खिताब जीता। मेंस फिजीक में भारत के फिरोज चैंपियन बने। वुमेंस फिटनेस में जयश्री पांडव, वुमेंस बिकिनी प्रतियोगिता में भारत की सुनैना सेतिया चैंपियन बनीं।