कैथल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेशक मंगलवार को कैथल आएंगे, लेकिन उनके आने का एहसास क्षेत्रवासियों को एक दिन पहले ही हो गया। ऐसा लगा कि मानों सोमवार को ही मोदी शहर में आ गए हों। चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा देखने को मिली, वहीं, फाइनल रिहर्सल के दौरान 35 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला गुजरने के कारण शहर और आसपास के सभी रूटों को सील कर दिया गया।
न्यायिक परिसर के पास से लेकर मार्ग को लघु सचिवालय एवं अधिकारियों की कालोनी के बीच स्थित हेलीपैड के लिए चुने गए मैदान सहित सेक्टर-19 से बाइपास पर मिलने वाले मार्ग से होते हुए पुलिस लाइन मैदान तक के मार्ग को पूरी तरह से सील कर दिया गया। इस मार्ग पर जुड़ने वाली सभी मुख्य सड़कों, छोटी गलियों एवं कच्चे रास्तों तक पर भी पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। रैली स्थल को जहां 35 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है, वहीं हेलीपैड से लेकर आयोजन स्थल तक के रास्ते पर ऐसी सुरक्षा व्यवस्था है कि पंछी भी पर नहीं मार सकता। इस मार्ग से आम जन के लिए आवागमन लगभग बंद कर दिया गया है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री कैथल-राजगढ़ (राजस्थान) मार्ग के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के लिए कैथल आएंगे। वह पुलिस लाइन मैदान में निर्माणकार्य की आधारशिला रखेंगे।
आगमन से पहले ट्रैलर
सोमवार बाद दोपहर करीब तीन बजे पीएम के हेलीपैड से लेकर आयोजन स्थल तक पहुंचने की अधिकारियों द्वारा रिहर्सल की गई। इस रिहर्सल में लगभग 35 से ज्यादा गाड़ियां शामिल थीं। जिनके हूटर से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। तेज स्पीड से गाड़ियों का काफिला आयोजन स्थल की ओर बढ़ा। इस दौरान बाइपास पर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहा।
सभी होटल और धर्मशालाओं में कमरे बुक
शहर में स्थित सभी होटल, धर्मशालाओं, यहां तक की मंदिरों में भी बने कमरों में अधिकारी एवं कर्मचारी शरण लिए हुए हैं। पूरे शहर में खुफिया तंत्र, सुरक्षा एजेंसियों सहित प्रशासनिक अमले से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारियों ने डेरा डाल लिया है। मिथलेश होटल में मैनेजर गगन ने बताया कि यहां दो दिन से सभी कमरे बुक हैं। इसी प्रकार से कोयल कांप्लेक्स में कर्मचारियों ने बताया कि केंद्र से आए अधिकारियों ने कई दिनों से कमरे बुक करवाए हैं।