माता तृप्ति जी चैरिटेबल ट्रस्ट और गुरु नानक फुलवारी संगठन की ओर से चंडीगढ़ से सचखंड श्री हुजूर साहिब, नांदेड़ और गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब-बीदर के लिए एक विशेष ट्रेन चलाई गई।
ट्रेन को शहर के सांसद पवन कुमार बंसल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। ऐसा पहली बार हुआ है जब दिल्ली के अलावा किसी शहर से इन सिख धर्मस्थलों के लिए कोई विशेष ट्रेन चलाई गई है। यह ट्रेन 28 दिसंबर को वापस चंडीगढ़ लौटेगी।
इस विशेष ट्रेन से रविवार को करीब 1400 श्रद्धालुओं ने सफर किया। इस यात्रा के आयोजक अरविंदर पाल सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ से नांदेड़ के बीच कुल 30 घंटों के इस सफर में यात्रियों के लिए कई सुविधाएं दी जा रही हैं।
यात्रा केदौरान ट्रेन में मेडिकल सुविधाओं के अलावा लंगर बनाने और परोसने के भी सभी इंतजाम किए गए हैं। ट्रेन में चंडीगढ़ और पंजाब से ही नहीं बल्कि अमेरिका, ऑस्ट्रलिया और कनाडा से आए लोग भी सफर कर रहे हैं।
बंसल ने मंगवाई पैंट्री कार
इस स्पेशल ट्रेन में पहले पैंट्री कार नहीं थी। श्रद्धालुओं की मांग पर बंसल ने रेलवे अधिकारियों से बात कर स्पेशल पैंट्री कार मंगवाई।
इस कारण ट्रेन अपने निर्धारित समय से सवा दो घंटे लेट रही, लेकिन इससे श्रद्धालुओं को काफी फायदा होगा। ट्रेन को सुबह 7 बजे रवाना होना था, लेकिन यह 9 बजे के बाद ही चल सकी।