चंडीगढ़। कांग्रेस ने हरियाणा लोकसभा की नौ सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम लगभग फाइनल कर लिए हैं। मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता भगत चरण दास की अध्यक्षता में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें सभी सीटों के लिए भेजे गए प्रत्याशियों के पैनल को अंतिम रूप दिया गया। अब प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र के पैनल में शामिल एक नाम पर अंतिम मुहर पांच अप्रैल को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लगेगी। हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट कांग्रेस ने गठबंधन धर्म के तहत आम आदमी पार्टी को दे दी है।
नई दिल्ली में हुई बैठक में हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौधरी उदयभान और स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य नीरज दांगी व यशोमति ठाकुर मौजूद रहे। बैठक में शामिल एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि नौ सीटों पर प्रत्याशियों के नाम लगभग फाइनल हो चुके हैं। दो से तीन सीटों पर दो-दो नाम पर मंथन चल रहा है।
रोहतक से दीपेंद्र का लड़ना माना जा रहा तय
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि रोहतक लोकसभा क्षेत्र से दीपेंद्र हुड्डा का लड़ना तय है। वह पिछली बार बहुत कम अंतर से चुनाव हारे थे। इसके बावजूद वह अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं। हालांकि विरोधी खेमे ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनाव लड़वाने का प्रस्ताव दिया है। विरोधी खेमे की दलील है कि दीपेंद्र राज्यसभा सदस्य हैं। यदि वह जीते तो राज्यसभा की सीट खाली हो जाएगी और विधानसभा में संख्या बल अधिक होने के चलते भाजपा जीत हासिल कर लेगी।
हिसार से चंद्रमोहन का नाम पैनल में रखा
पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा का नाम सिरसा से तय माना जा रहा है। हालांकि सिरसा सीट के पैनल में कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला का भी नाम है। वहीं, हिसार से पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन का नाम पैनल में शामिल किया गया है। सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से पार्टी इस बार जाट के बजाय ब्राह्मण उम्मीदवार उतारने के मूड में है। इसके लिए सतपाल ब्रह्मचारी का नाम पैनल में शामिल किया गया है। वहीं, करनाल सीट से कुलदीप शर्मा के बेटे चाणक्य पंडित नाम चर्चा में है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से श्रुति चौधरी व राव दान सिंह, फरीदाबाद से महेंद्र प्रताप सिंह व करण सिंह दलाल, अंबाला से प्रदीप नरवाल, रेणु बाला व वरुण चौधरी, गुरुग्राम से कैप्टन अजय सिंह यादव और जितेंद्र भारद्वाज के नाम की चर्चा है।