हरियाणा के विपक्षी दल इनेलो में मचा घमासान थमने की बजाए लगातार गहराता जा रहा है। दीपावली के अवसर पर यह विवाद और बढ़ सकता है। इनेलो से निलंबित चल रहे दुष्यंत चौटाला व दिगिवजय चौटाला जहां लगातार कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों का आयोजन कर रहे हैं वहीं अब उनकी विधायक मां नैना चौटाला भी खुलकर सामने आ गई हैं।
नैना द्वारा चलाए जा रहे हरी चुनरी की चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से भले ही वह महिलाओं पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही हैं लेकिन उन्होंने अब अपने बेटों का बचाव करते हुए अपने देवर एवं विपक्ष के नेता अभय चौटाला के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। नैना चौटाला पिछले कई माह से हरी चुनरी की चौपाल कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को लामबंद कर रही हैं।
उन्होंने करनाल जिला में अभय चौटाला के खिलाफ परोक्ष रूप से बोलना शुरू किया और प्रदेश के कई हिस्सों में होते हुए गुरुवार को वह अपने पति अजय चौटाला की कर्मभूमि भिवानी पहुंची और उनके समर्थकों का उत्साहवर्धन किया। यही नहीं नैना चौटाला ने यहां सार्वजनिक रूप से कहा कि जिंदाबाद के नारे तो ताऊ देवीलाल के जमाने में भी लगते थे तब अनुशासनहीनता कहां थी।
नैना चौटाला ने अपने पति के समर्थकों से मुलाकात करते उन्हें फिर से एकजुट करने का अभियान शुरू कर दिया है। भिवानी दौरे के दौरान नैना चौटाला जहां अभय चौटाला के खिलाफ खुलकर बोल रही हैं वहींं, वह अपने ससुर एवं पार्टी सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के प्रति वह अभी भी नरम हैं। अब तक उन्होंने किसी भी सार्वजनिक भाषण के दौरान ओमप्रकाश चौटाला के खिलाफ कुछ नहीं बोला है।
मालूम हो कि दुष्यंत चौटाला इनेलो से निलंबित चल रहे हैं और पिछले एक सप्ताह के दौरान उन्होंने कोई बड़ा बयान जारी नहीं किया है। अलबत्ता वह दीपावली के अवसर पर अपने पिता के पैरोल पर बाहर आने का इंतजार कर रहे हैं। माना जा रहा है कि दुष्यंत चौटाला अपने पिता के बाहर आने के बाद पार्टी में चल रही उठापटक के संबंध में कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।