लोगों विशेषकर छात्रों के लिए खुशखबरी, अब नाइट फूड स्ट्रीट में फिर से रात को खाना मिल सकेगा। नगर निगम ने इन्हें मंजूरी दे दी है। मेयर राजेश कालिया और निगम कमिश्नर केके यादव ने बुधवार को अधिकारियों संग वित्त और अनुबंध समिति की बैठक की। इस दौरान रात में लोगों को खाना उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेक्टर-14 में नाइट फूड स्ट्रीट को मंजूरी दे दी गई। यहां लोगों को चाइनीज फूड, बेकरी और नार्थ इंडियन फूड के चार कियोस्क होंगे।
बैठक में बताया कि हर कियोस्क का 3 साल के लिए अनुबंध होगा, जिनका मासिक किराया एक लाख रुपये होगा। किराए में 10 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि भी होगी। वहीं, बैठक में सेक्टर-17 में हरियाणा भवन के बगल से बने नए भवन को किराए पर देने की सहमति बनी। बिना फर्नीचर के दूसरी और तीसरी मंजिल का किराया 201.45 रुपये प्रति स्क्वायर फुट के हिसाब से लिया जाएगा जबकि फर्नीचर के साथ दूसरे और तीसरे तल का किराया 232.31 प्रति स्क्वायर फुट रहेगा, जिसमें लिफ्ट की सुविधा रहेगी।
वहीं, फर्नीचर के साथ 302.25 रुपये प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से किराया लिया जाएगा। इसमें रिसेप्शन के लिए बूथ, बिजली पैनल व कुछ जगह मिलेगी। इिससे कि अधिक लोग आसानी से खड़े हो सकें। इस मौके पर समिति के सदस्य भरत कुमार, महेश इंद्र सिंह, रविकांत शर्मा, शक्ति प्रकाश देवशाली, स्पेशल कमिश्नर संजय कुमार झा, एडीशनल कमिश्नर तिलक राज, एडीशल कमिश्नर एसके जैन, एडीशनल कमिश्नर अनिल कुमार गर्ग, चीफ इंजीनियर मनोज बंसल, मुख्य अभियंता एनपी शर्मा, एसई (बी एंड आर) संजय अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
इन मुद्दों पर भी बनी सहमति
1. सेक्टर 61 में खराब ट्यूबवेल को 30.40 लाख की राशि से रिवर्स रिंग विधि और किसी भी अन्य विधि रिंग तकनीक से सही कराने का निर्देश दिया। साथ ही अन्य ट्यूबवेल को भी ऐसे ही सही करने का निर्देश दिया गया।
2. नगर निगम, पब्लिक हेल्थ सर्कल व अन्य फील्ड स्टाफ/सीवरमैन को साबुन, सरसों का तेल और गुड़ देने पर सहमति बनी।
3. बड़े पार्कों को रखरखाव के लिए आउटसोर्सिंग पर देने के लिए अगली बैठक में एस्टीमेट बनाकर लाने को कहा गया।
4. गांवों की धर्मशालाओं जो कि नगर निगम के अंतर्गत हैं, उन्हें 100 रुपये चार्ज के साथ लोग बुक करा सकेंगे।
5. शहर में एक वर्ष के लिए नारियल और तरबूज की बिक्री की 37 साइटों की नीलामी पर सहमति बनी।
6. वी-5 रोड सेक्टर-22बी में लोग सड़क पर या डिवाइडर पर ही गाड़ी पार्क कर देते हैं। इसके लिए 2.26 लाख से रेलिंग लगाने और गाड़ियां रखने के लिए जगह की व्यवस्था की जाएगी।
7. सेक्टर 34-ए में 4.42 लाख से दुकान नंबर 47 से 164 और 121 व 188-200 की दीवारों की मरम्मत की जाएगी। साथ ही रेलिंग लगाई जाएगी।
8. सेक्टर 16 में 7.41 लाख से जनमार्ग/ रोज गार्डन के साथ नवनिर्मित अंडरपास के पास मौजूदा जॉगिंग ट्रैक के निर्माण व मरम्मत कार्य होंगे।