चंडीगढ़ नगर निगम बेशकी गरीब है, लेकिन दिल की अमीरी दिखाते हुए दिसंबर में होने वाले गुलदाउदी शो पर 11 लाख खर्च करने का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। सेक्टर-33 में आयोजित होने वाले गुलदाउदी शो में 1.10 लाख रुपये की चाय पिलाई जाएगी, जबकि 50 हजार रुपये की मिठाई यहां पर काम करने वाले चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को बांटी जाएगी। हालांकि शो देखने आने वालों के लिए इस तरह की कोई सुविधा नहीं है।
नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में गुलदाउदी शो के आयोजन पर 11.02 लाख रुपये का खर्च करने का प्रस्ताव पास किया गया। इसमें 1.75 लाख रुपये आयोजन के प्रचार-प्रसार के लिए पास किए गए। उद्घाटन और समापन समारोह में आने वाले अतिथियों के चाय-पानी पर 1.10 लाख रुपये जबकि अलग-अलग दिन के लिए 55-55 हजार रुपये के खर्च का प्रस्ताव पास किया गया है।
यह स्थिति तब है जब नगर निगम की वित्तीय हालत काफी खस्ता है। टैरेस गार्डन में दिसंबर माह में इस शो का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस शो की तारीखों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। पिछले साल सांसद किरण खेर ने मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लिया था जबकि इस साल भी मेयर देवेश मोदगिल सांसद किरण खेर से ही शो का उद्घाटन करवाना चाहते हैं। यहां पर आने वाले वीआईपी को 30 हजार रुपये के मोमेंटो भी बांटे जाएंगे।
क्या होता है गुलदाउदी शो में
इस शो में कई तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। इनमें प्रतियोगियों को अलग-अलग अवार्ड से सम्मानित किया जाता है। अलग अलग संस्थानों और रेजिडेंट्स के फूलों की अलग-अलग कैटगरी में प्रतियोगिता होती है। नगर निगम के अनुसार पिछले साल इस शो पर 10.67 लाख रुपये का खर्च हुआ था।