फिरोजपुर की पुलिस ने पकड़े गैंगस्टर गगनदीप सिंह, वरिंदर सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने नाभा जेल ब्रेक कांड से संबंधित दो गैंगस्टरों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इनके पास से एक लाख 67 हजार रुपये की नगदी बरामद हुई है। पकड़े गए दोनों आरोपी गैंगस्टर जयपाल और चंदू ग्रुप से संबंधित है। गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ जज पर 11 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसएसपी गौरव गर्ग ने बताया कि गैंगस्टरों को पकड़ने के लिए पूरे प्रदेश में मुहिम शुरू की हुई है। पुलिस ने बस स्टैंड फिरोजपुर शहर से गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ जज निवासी बस्ती राम लाल को सोमवार गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जज ने बताया कि गैंगस्टर वरिंदर सिंह उर्फ रिकी निवासी नजदीक बाबा सेवा सिंह गांव सिघा वाला थाना चड़क जिला मोगा उसे लेने के लिए आ रहा है।
मंगलवार को पुलिस ने फिरोजपुर-मोगा रेलवे लाइन फाटक के नजदीक गांव सतिया वाला बाइपास से रिकी को भी गिरफ्तार कर लिया। रिकी के पास से एक लाख 67 हजार रुपये बरामद हुए हैं। रिकी के खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज है। नाभा जेल ब्रेक कांड में रिकी भी शामिल था।
गैंगस्टर्स से एक लाख 67 हजार रुपये बरामद
नाभा जेल ब्रेक
- फोटो : File Photo
गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह सेखों के साले गुरिंदर सिंह गोरी, कुलबीर सिंह नीटां व सीरा सधाना का रिकी नजदीकी साथी है। एसएसपी ने बताया कि रिकी का मोगा में होटल था, जो अब बंद हो चुका है। रिकी शराब बेचने के अलावा अन्य गलत धंधे करता है।
वह गैंगस्टरों के खानपान, पैसे सप्लाई, उनके रहन-सहन के अलावा अन्य व्यवस्थाएं भी करता है। गगनदीप व रिकी गैंगस्टर जयपाल व चंदू के ग्रुप से संबंधित है। गगनदीप फिरोजपुर में कोई बड़ी वारदात करने की फिराक में था। इसीलिए उसने रिकी से पैसे मंगवाए थे। एसएसपी ने बताया कि गगनदीप ने विधानसभा चुनाव के दौरान गुरुहरसहाए के पोलिंग बूथ पर चार गोलियां चलाई थी।
इसके अलावा फिरोजपुर कैंट में हुए डबल मर्डर में भी गगनदीप का हाथ है। एसएसपी ने कहा कि शिमला के पास गैंगस्टर जसविंदर सिंह रॉकी की हत्या में भी गगनदीप की संलिप्तता की आशंका है।