नीतू वर्मा, पंचकूला
चावल खाने के शौकीन लोगों के लिए पुलाव एक पसंदीदा डिश है, और अगर ये डिश मटन पुलाव हो तो चावल खाने में मजा ही आ जाए। ऐसे में अगर कोई खास अवसर हो तो आपका मटन पुलाव बनाने का मन हो तो एक घंटे का समय देना होगा। अब इसे बनाया कैसे जाएगा, आइए जानते हैं-
सामग्री-
मटन 300 ग्राम
बासमती चावल 500 ग्राम
प्याज-2
अदरक 2 इंच
लहसुन 7
जीरा 1 चम्मच
दालचीनी 1 इंच
इलायची 4
कड़ी पत्ता 2
लाल मिर्च 2
हरी मिर्च 2
हल्दी पाउडर 1 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर 1 चम्मच
दही 1 कटोरा
नमक
तेल
विधि-
जब तक आप सारी सामग्रियों की तैयारी करें, तब तक हल्दी और नमक को मिला कर मटन को मैरिनेट होने के लिए रख दें। एक पैन में कड़ी पत्ता छोड़ कर सारे सूखे मसालों को भून कर पाउडर बना लें। अब प्रेशर कुकर चढ़ाएं और उसमें तेल गरम कर के कड़ी पत्ता डाल दें। प्याज डाल कर भूने, फिर कटी हुई हरी मिर्च डाल कर अच्छे से पकाएं। अब धीमी आंच पर मटन को उसमें डाल कर पकाएं, जब लगे कि वह पक गया है, तो उसमें पीसे गए सारे मसाले डालें और अच्छे से चलाएं। जब तक तेल मीट को छोड़ न दे, तब तक पकने दें। और जब लगे कि मीट हो गया, तब कुकर में चावल डाल दें। अब चावल को मीट के साथ ही डाल कर 3-4 मिनट तक के लिए चला कर फ्राई करें। इसके बाद इसमें दही डालें और 3 मिनट तक के लिए फिर चलाएं, पर ध्यान रहे कि ज्यादा देर तक चलाएं। अब कुकर में नमक और 4 कप पानी डालें और 3 सीटी आने तक गैस न बंद करें।