सैकड़ों वर्ष से पुरानी दिल्ली में खाने पीने के लिए मशहूर गली के नाम पर बनी नवोदित निर्देशक सचिन गुप्ता की फिल्म ‘परांठे वाली गली’ लोहड़ी के मौके पर 17 जनवरी को देश के अन्य हिस्सों के अलावा पंजाब और ट्राइसिटी के सिनेमाघरों में दिखाई देगी।
पुरानी दिल्ली की समृद्ध संस्कृति और खाने पीने की शौकीनो को अच्छी तरह उभारने वाली इस फिल्म के मुख्य कलाकार अनुज सक्सेना और नेहा पवार हैं।
फिल्म के निर्माता और निर्देशक सचिन गुप्ता ने कहा कि बचपन से ही पुरानी दिल्ली की मशहूर ‘परांठे वाली गली’ उनकी पसंदीदा जगह रही है।
इसी गली के नाम पर बनी फिल्म में इलाके की लचीली और टिकाऊ संस्कृति और विरासत को अच्छी तरह उभारा गया है।
फिल्म का नाम पुरानी दिल्ली में लजीज पराठों के लिए मशहूर पराठे वाली गली के नाम पर रखा गया है। फिल्म इसी गली की पृष्ठभूमि पर है।
निर्देशक ने बताया फिल्म की कहानी मशहूर पराठे वाली गली से शुरू होती है और फिर वहां रहने वाले किरदारों की ओर बढ़ती है।
हम इस फिल्म के जरिए दिल्ली के उस हिस्से को छूने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके बारे में बहुत कम दिखाया गया है।
फिल्म का संगीत ‘शकालाका बेबी’, ‘इट्स टाइम टू डिस्को’, ‘रब्बा रब्बा’ जैसे मशहूर गानों की गायिका और अभिनेत्री वसुंधरा दास और विक्रम खजूरिया (2 गीत) ने दिया है।
जिसे आज रिलीज किया गया। फिल्म के गीत विपिन मिश्रा, विराज मिश्रा और देवशी खंडूरी ने लिखे हैं। फिल्म के कलाकारों में अनुज सक्सेना, नेहा पवार, विजयंत कोहली, मोहिंदर गुजराल, प्रभाकर शामिल हैं।
ज्यादातर कलाकार छोटे पर्दे और रंगमंचीय पृष्ठभूमि से हैं। गुप्ता ने कहा कि हमने फिल्म में कलाकारों को नहीं चरित्रों को उभारने की कोशिश की है।
इसके तहत फिल्म की अभिनेत्री को अमृतसर के पंजाबी परिवार से संबंधित लड़की में दिखाया गया है। फिल्म के सह-निर्माता सुबोध गोयल, सिनेमेटोग्राफर देबाशीष बनर्जी और एडिटर विजय चौहान हैं।