अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू ने भारत के तीन महान क्रांतिकारियों शहीद भगत सिंह, शहीद ऊधम सिंह और शहीद मदन लाल ढींगरा को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग की। संधू ने कहा कि आजादी के लिए अपना सबकुछ न्योछावर करने वाले इन तीनों शहीदों को 77 वर्षों बाद भी सर्वोच्च नागरिक सम्मान से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि ये तीनों शहीद पंजाब के ही नहीं बल्कि स्वतंत्रता के नायक हैं। 23 वर्ष की आयु में भगत सिंह ने जो विचार और बलिदान दिया, वह आज भी देश की युवा चेतना को जागृत कर प्रेरणा देता है। ऊधम सिंह ने जनरल ओ-ड्वायर को मारकर जलियांवाला बाग के हजारों शहीदों को न्याय दिलाया और मदन लाल ढींगरा ने ब्रिटिश सत्ता के अहंकार को तोड़ भारतीय इतिहास का गौरव बढ़ाया है।