पंजाब से राज्यसभा सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर ब्रिटेन में भारतीय युद्ध स्मारक को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना के संबंध में ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय के सामने मामला उठाने की मांग की है। ब्रिटेन के स्मैथविक में, दूसरे विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटेन के लिए लड़ने वाले भारतीय विशेष रूप से सिख योद्धाओं की याद में बनाए गए स्मारक का 4 नवंबर को अनावरण किया गया था, लेकिन 9 नवंबर को अज्ञात लोगों ने इस स्मारक पर तोड़फोड़ की।
इस स्मारक की स्थापना में स्मैथविक स्थित श्री गुरु नानक गुरुद्वारा प्रबंधन ने सहयोग दिया था। बाजवा ने पत्र में लिखा कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान ब्रिटिश सेना के लिए सिख सैनिकों द्वारा किए गए बलिदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस स्मारक की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। उन्होंने लिखा कि सिख सैनिकों ने फ्रांस के खाइयों, उत्तरी अफ्रीका के खेतों या पूर्वी यूरोप के जलीय इलाकों, सबसे मशहूर गलीपोली की लड़ाई में कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर किए।
बाजवा ने लिखा कि तब यह अपमानजनक हो जाता है जब ऐसे स्मारक को अनावरण के एक सप्ताह से भी कम समय में बर्बाद कर दिया गया है। यह संदेश ब्रिटेन में सिखों और स्वदेश में सिख समुदाय को आहत करने वाला है। बाजवा ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे इस मामले को ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय के साथ तुरंत उठाएं, क्योंकि यह सिख समुदाय के लिए एक गहन भावनात्मक मुद्दा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न सिर्फ अपराधियों को सजा मिलनी चाहिए बल्कि विश्व युद्ध में सिखों के योगदान को मिटाने की कोशिश के खिलाफ लोगों में सिखों के बलिदान के प्रति जागरूकता फैलाने के ठोस प्रयास होने चाहिए।