हरियाणा मांगे हिसाब पदयात्रा का पहला चरण पूरा, दूसरे चरण का शेड्यूल जल्द होगा जारी
अपने गढ़ से बाहर निकल पहली बार दीपेंद्र हुड्डा ने नापे 39 हलके, 51 और हलकों में करेंगे पदयात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा मांगे हिसाब अभियान के तहत रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा की पदयात्रा का पहला चरण रविवार को पूरा हो गया। इस दौरान हुड्डा ने प्रदेश के 39 विधानसभा हलकों में पदयात्रा का पहला चरण पूरा कर लिया है। अब दूसरे चरण के तहत 51 और विधानसभा हलकों में हुड्डा की पदयात्रा का शेड्यूल जारी किया जाएगा। यह पहली बार है जब सांसद दीपेंद्र हुड्डा अपने लोकसभा क्षेत्र को छोड़कर पूरे प्रदेश को नापने के लिए निकले हैं।
पदयात्रा के सहारे हुड्डा एक तीर से कई निशाने साध रहे हैं। एक तो वह खुद रोहतक से बाहर निकल प्रदेशस्तरीय नेता बनने की तैयारी में हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे की रणनीति के तहत वह क्षेत्रीय नेता न होकर प्रदेश के नए युवा नेतृत्व के रूप में उभरने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरा वे हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के माध्यम से भाजपा के खिलाफ और कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश में जुटे हैं। वहीं, तमाम हलकों में जाकर वहां की समस्याओं को समझ रहे हैं और टिकटों के दावेदारों की जमीनी हकीकत का आकलन भी कर रहे हैं। सीधे कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर उनकी नब्ज भी टटोल रहे हैं। 90 विधानसभा हलकों की पदयात्रा पूरी होने के बाद सांसद हुड्डा अपनी रिपोर्ट प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और हरियाणा प्रभारी को सौंपेंगे। इस फीडबैक को उनके द्वारा चुनाव घोषणा पत्र समिति को दिया जाएगा। कांग्रेस पार्टी जनता से मिले इस फीडबैक को अपने घोषणा पत्र का हिस्सा बनाएगी।
बाक्स
युवाओं को जोड़ने की कोशिश
रोहतक क्षेत्र में दीपेंद्र हुड्डा की छवि हमेशा से मिलनसार और विनम्र नेता के रूप में रही है। इस यात्रा से पहले दीपेंद्र की छवि एक विशेष क्षेत्र के नेता की रही है, लेकिन यात्रा के माध्यम से दीपेंद्र प्रदेश स्तरीय नेता के रूप में स्थापित हो रहे हैं। युवा नेताओं में दीपेंद्र हुड्डा का क्रेज है, इसलिए पूरी तैयारी और रणनीति के तहत ही युवाओं को साधने के लिए उनको मैदान में उतारा गया है। बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों में दीपेंद्र ने 3.5 लाख वोटों से जीत हासिल की, जो उत्तर भारत में राहुल गांधी की जीत के बाद दूसरी सबसे बड़ी जीत है।