फतेहाबाद से गिरफ्तार किया गया पंचकूला हिंसा का आरोपी सीपी अरोड़ा ।
राम रहीम का राइट हैंड और डेरा सच्चा सौदा के चार्टर्ड अकाउंटेंट सीपी अरोड़ा को एसआईटी ने फतेहाबाद से गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने पूछताछ के लिए उसे छह दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
डेरा की कंपनी एमएसजी के सीईओ सिरसा निवासी छिंद्रपाल अरोड़ा पर पंचकूला में हिंसा भड़काने और हनीप्रीत को फरार कराने की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इस गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा है कि पुलिस अब आदित्य इंसां को भी जल्द काबू कर लेगी।
सूत्रों के मुताबिक पंचकूला एसआईटी ने अरोड़ा को शिवनगर के पीछे मातुराम कालोनी के एक घर से गिरफ्तार किया है। ये घर सीपी अरोड़ा के रिश्तेदार रमेश अरोड़ा का बताया जा रहा है। एसआईटी पंचकूला के इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने सोमवार शाम टीम के साथ फतेहाबाद बस स्टैंड चौकी में आमद दर्ज करवाई। इसके बाद चौकी की टीम के साथ मातुराम कालोनी में दबिश दी और सोमवार को ही अरोड़ा को गिरफ्तार किया। उधर, एसआईटी टीम ने मंगलवार को डेरे की 45 सदस्यीय कमेटी के मेंबर गोपाल बंसल निवासी पीलीमंदोरी को भी गिरफ्तार किया है।
डेरे की तमाम संपत्तियों का राज खुलेगा
फतेहाबाद से गिरफ्तार किया गया पंचकूला हिंसा का आरोपी सीपी अरोड़ा ।
डेरे की तमाम संपत्तियों का राज खुलेगा
अरोड़ा के जिम्मे डेरे का फिल्म, एमएसजी प्रोडक्ट्स, बैटरी, डीलरशिप आदि का काम था। कंपनी के सीईओ होने के नाते अरोड़ा के पास लेन देन के बारे में तमाम जानकारियां हैं, जिसकी छानबीन जारी है।
अरोड़ा पर आरोप है कि 17 अगस्त को डेरे में दंगों के लिए हुई बैठक में वह भी मौजूद था। 25 अगस्त को उसने पंचकूला में डेरे के मुख्य प्रवक्ता आदित्य इंसा से मुलाकात की थी। कंपनी के खर्च का तमाम ब्योरा अरोड़ा के पास होने की वजह से अब तक एजेंसियों को डेरे के खर्च और संपत्ति का ब्योरा नहीं मिल रहा था। डेरे के चार्टर्ड अकाउंटेंट की गिरफ्तारी के बाद होने वाली पूछताछ में डेरे की तमाम आर्थिक गतिविधियों, कंपनी से होने वाली कमाई, रियल एस्टेट में किया गया निवेश सहित तमाम संपत्तियों के ब्योरे का भी जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।