अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि सेफ पंजाब पोर्टल की मदद से एक साल में पांच हजार से अधिक प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई हैं। अगस्त 2024 में नशा तस्करों और नशा हॉटस्पॉट के बारे में जन-सूचनाएं और सुझाव एकत्र करने के लिए लॉन्च किए गए इस व्हाट्सएप चैटबॉट ने 32 प्रतिशत की सराहनीय परिवर्तन दर हासिल की है, यानी जनता से मिली जानकारी को ठोस पुलिस कार्रवाई में बदला गया है। चीमा मंगलवार को पंजाब भवन में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 9779100200 युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान में एक शक्तिशाली हथियार बन गया है जिसे राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ प्रयासों को और तेज करने के लिए 1 मार्च को शुरू किया गया था। इसकी शुरुआत से अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 16,322 केस दर्ज हुए हैं। इनमें 25,552 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी 182 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया है। इन प्रयासों के नतीजे में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इनमें 1,054 किलो हेरोइन, 21,534 किलो भुक्की, 366 किलो अफीम और गोलियां, कैप्सूल व नशीली दवाएं शामिल हैं।
वित्त मंत्री ने अकाली-भाजपा गठबंधन की अगुवाई वाली पूर्व राज्य सरकार की आलोचना करते हुए उन पर एक दशक तक नशा तस्करी को संरक्षण देने का आरोप लगाया और 2017 से 2022 के दौरान नशे की समस्या के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने के लिए कांग्रेस की अगुवाई वाली राज्य सरकार पर भी निशाना साधा।