चंडीगढ़। इस बार पंजाब विश्वविद्यालय में परास्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए अधिक संघर्ष करना पड़ेगा। क्योंकि बड़ी संख्या में छात्रों ने फार्म डाउनलोड किए हैं। उम्मीद है कि आठ अगस्त तक पीयू के पास हजारों फार्म ऑनलाइन पहुंचेंगे।
सूत्रों का कहना है कि अब तक पीयू के पास परास्नातक कक्षाओं के लिए लगभग चार हजार फार्म ऑनलाइन डाउनलोड किए गए हैं। वहीं स्नातक कक्षाओं के फार्मों की संख्या लगभग 1500 तक पहुंची है। पीयू हर दिन आने वाले फार्मों का विश्लेषण कर रहा है। उसी के अनुसार तिथियां भी बढ़ाई जा सकती हैं।
जानकारों का कहना है कि इस बार दूसरे राज्यों के छात्र पीयू में दाखिला लेने में अधिक रुचि नहीं दिखा रहे हैं। उसका कारण है कोरोना। कब तक यह चलेगा और आगे क्या स्थितियां रहेंगी, यह किसी को नहीं पता। अभिभावक चाहते हैं कि उनके बच्चे उन्हीं के आसपास पढ़ाई करें। दूसरे राज्यों के अधिकांश छात्र स्नातक कक्षाओं में दाखिला लेते हैं। यही कारण माना जा रहा है कि स्नातक में दाखिले के फार्म कम भरे जा रहे हैं। वहीं फिलहाल एडमिशन के लिए फार्म डाउनलोड की प्रक्रिया से पीयू संतुष्ट नजर आ रहा है।