जगरांव शहर के शैलर मालिक से गोल्डी बराड़ के नाम पर व्हाट्सएप कॉल पर 10 लाख रुपये रंगदारी मांगी गई है। शैलर मालिक को धमकी दी गई कि अगर रुपये न दिए तो सिद्धू मूसेवाला जैसा हाल किया जाएगा।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से ही गोल्डी बराड़ के नाम पर पंजाब के कई बड़े व्यापारियों से रंगदारी मांगी गई है। पुलिस के अनुसार रॉयल विला कॉलोनी जगरांव निवासी गुरपाल सिंह ने बताया कि वह और उनके दोनों बेटे शैलर कारोबार चलाते हैं। 29 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे व्हाट्सएप कॉल आई।
सामने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ का साथी बताते हुए कहा कि बैंक खाता व्हाट्सएप पर भेज रहे हैं। इसमें 10 लाख रुपये जमा करवाने होंगे। फोन काटने पर चार वॉयस मैसेज आए, जिसमें घर आकर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकियां दी गई थीं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।