चंडीगढ़ प्रशासन ने सभी दफ्तरों में अब बाबुओं की कार्यप्रणाली पर पूरी नजर रखने की तैयारी शुरू कर दी है। ड्यूटी के समय में मनमर्जी से कुर्सी से गायब रहने वाले बाबुओं की हर पल की गतिविधियां रिकार्ड होंगी।
काफी समय से एडवाइजर विजय कुमार देव के पास विभागों में बाबुओं के सरकारी काम का बहाना बनाकर गायब रहने की शिकायतें आ रही थीं। देव ने तुरंत सभी विभागों के आला अधिकारियों की बैठक कर सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश दिए हैं।
लेट लतीफ कर्मचारियों पर नकेल कसने के लिए कुछ महीने पहले ही सभी विभागों में बायोमैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लागू कर दिया गया है। अब कर्मचारियों को अनुमति लेकर ही बिल्डिंग से बाहर जाना पड़ता है।