संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। इंडियन सुपर लीग 2026-27 के 21वें मुकाबले में मोहन बागान ने पंजाब एफसी को 2-1 से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस हार के साथ पंजाब एफसी का लगातार जीत का सिलसिला भी थम गया। मुकाबले में पंजाब एफसी ने आक्रामक शुरुआत करते हुए तीसरे मिनट में अल्फ्रेड प्लानास मोया के गोल से 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, मोहन बागान ने जल्द वापसी की। टीम की ओर से 18वें मिनट में ली इरविन ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद देजान ड्राजिक ने पहले हाफ के अंतिम मिनटों में गोल दागकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ में पंजाब एफसी ने बराबरी के लिए कई प्रयास किए, लेकिन मोहन बागान की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही। इस जीत के साथ मोहन बागान 9 अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई। वहीं, पंजाब एफसी 7 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई।