चंडीगढ़। बीसीसीआई की महिला चयनकार्ता कमेटी ने बांग्लादेश दौरे के लिए भारत की सीनियर महिला टी-20 टीम की घोषणा कर दी है। टीम में मोहाली की अमनजोत कौर को भी जगह मिली है। भारतीय महिला सीनियर क्रिकेट टीम को बांग्लादेश के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलनी है। पहला टी-20 मुकाबला 28 अप्रैल को खेला जाएगा। अमनजोत कौर मोहाली फेज-5 की रहने वाली हैं और वह पिछले कुछ समय से अपने बेहतर खेल प्रदर्शन के चलते भारतीय महिला सीनियर टीम में लगातार अपनी जगह बनाने में कामयाब होती आ रही हैं। एक बार फिर से भारतीय महिला टीम का हिस्सा बनने पर अमनजोत कौर के परिवार में खुशी का माहौल है। वहीं उनके कोच नागेश गुप्ता ने उम्मीद जताई की उनकी प्रशिक्षु बांग्लादेश के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
अमनजोत की सफलता के पीछे पिता का बड़ा हाथ
अमनजोत कौर के पिता भूपिंदर सिंह बढ़ई का काम करते हैं। मोहाली के पास बंलौगी में उनकी दुकान है। बेटी को इस मुकाम तक पहुंचाने में पिता ने बड़ी भूमिका निभाई। पिता रोजाना अमनजोत को सेक्टर-26 स्थित क्रिकेट अकादमी में घर से साइकिल पर बैठाकर प्रशिक्षण के लिए लेकर जाते थे। बेटी के अभ्यास में कोई रुकावट न आए इसके लिए मेरे पिता ने कई बार दिहाड़ी भी छोड़ी। पिता की मेहनत और कोच के प्रशिक्षण के चलते अमनजोत कौर आज इस मुकाम तक पहुंची हैं।