चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के वीडियो लीक विवाद में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को खरड़ कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें सात दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। कोर्ट ने कहा कि यह अपनी तरह का अलग मामला है इसलिए इसकी अच्छी तरह जांच होनी चाहिए।
इससे पहले यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों का विरोध प्रदर्शन देर रात खत्म हो गया है। सीयू ने छात्रों की मांगे मान ली हैं। डीसी और आईजी की मौजूदगी में सभी मांगों पर सहमति बन गई है। वहीं, धरना प्रदर्शन में शामिल किसी छात्र पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। हॉस्टल वार्डन बदल दिए जाएंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूनिवर्सिटी हफ्ते भर के लिए बंद कर दी गई है। हॉस्टल की टाइमिंग बदल गई है। वहीं, छात्र कैंपस छोड़ रहे हैं। इसके साथ ही लड़िकयों के हॉस्टल में पहनावे पर कोई पाबंदी नहीं लगाई जाएगी। मामले में अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वीडियो बनाने वाली लड़की और उसका ब्वॉयफ्रेंड, लड़के का एक दोस्त भी गिरफ्तार किया गया है।
चंडीगढ़ में छात्राओं के आपत्तिजनक वीडियो वायरल, छात्र आधी रात को सड़कों पर उतरे
आपको बता दें कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में कुछ छात्राओं के नहाते हुए वीडियो वायरल होने की खबर फैलने के बाद शनिवार आधी रात से छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया जो रविवार को भी दिनभर जारी रहा। उन्हें तितर-बितर करने पहुंची पुलिस के साथ उनका टकराव हुआ। आरोप है कि कई छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की, हालांकि यूनिवर्सिटी और पुलिस ने इससे इंकार किया। वैसे तीन छात्राओं को तबीयत बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चंडीगढ़ यूनिवर्सटी ने दो वार्डन सस्पेंड किए हैं। इसमें जसविंदर सिंह और सुनीता शामिल है। जसविंदर कौर की पहले लड़कियों ने शिकायत की थी। सुनीता का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं डीजीपी गौरव यादव ने पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गुरप्रीत कौर देव के नेतृत्व में तीन महिला अधिकारियों की एसआईटी जांच करेगी।