मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने बजट को प्रगतिशील, विकासशील और आम आदमी का हितैषी बताया है। उन्होंने बिजलीकरण को मजबूत करने, मानव संसाधन और बुनियादी ढांचे के विकास, खेती सुधारों को तेज करने, गैर उत्पादनी खर्चों पर नियंत्रण करने और गरीब तबकों की भलाई के लिए की व्यवस्था की प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि खेतीबाड़ी सेक्टर के लिए घोषित की गई पहल किसानों के हितों की रक्षा में अहम भूमिका निभाएंगी। बजट से एनडीए ने विकास मुखी और गरीब पक्षीय वादों के बीच संतुलन बनाया है।
यह बजट खेतीबाड़ी, उद्योग, बुनियादी ढांचे, बिजली, सेहत आदि के विकास को गति देगा। साथ ही यूपीए सरकार द्वारा पैदा कीं मुश्किल आर्थिक परिस्थितियों से बाहर निकालने में भी सहायक सिद्ध होगा।
पंजाबी की उम्मीदों पर पानी फेरा: कैप्टन
लोक सभा में कांग्रेस केउप नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वित्तमंत्री अरुण जेटली के बजट ने सभी, खासकर पंजाबियों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। एनडीए के बड़े-बड़े दावों से उलट यह बजट सिर्फ भाजपा की चाहतों की सूची बन कर सामने आया है। अकालियों को सबसे ज्यादा निराशा होनी चाहिए। क्योंकि उन्होंने पंजाब के लोगों को यह कह कर बड़े सपने बेचे थे कि नरेंद्र मोदी के पीएम व अरुण जेटली के वित्तमंत्री बनने केबाद पंजाब को आर्थिक मुश्किलों से बाहर निकाल लिया जाएगा। पर पंजाब को एक आईआईएम के सिवाय कुछ नहीं मिला। न ही हिमाचल की तरह पैकेज दिया गया।
पंजाब के साथ पक्षपात का दौर खत्म: सुखबीर
शिअद प्रधान और डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा कि केंद्रीय बजट ने पंजाब केसाथ पक्षपात का दौर खत्म कर दिया है। इससे खेती व फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री को फायदा मिलेगा। आईआईएम की स्थापना और अमृतसर को विरासती शहरों में शामिल किया गया है।
कोलकाता-अमृतसर कॉरीडोर प्रोजेक्ट से आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री पर एक्साइज ड्यूटी दस से घटा कर छह फीसदी करने से फायदा होगा। 2017 तक बिजली उत्पादन शुरु करने वाली कंपनियों को टैक्स हॉलीडे मिलेगा, जिससे लोगों को सस्ती बिजली मिलेगी।
पंजाब की मांग पूरी हुई: मजीठिया
कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने अमृतसर को हैरिटेज योजना में शामिल करने केलिए केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि इससे पवित्र शहर की तसवीर बदलेगी। वहीं, अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर से सारे सीमांत इलाके को फायदा होगा।
केंद्रीय बजट लोकपक्षीय : ढींढसा
पंजाब के वित्तमंत्री परमिंदर ढींढसा ने कहा कि बजट विकास के लिए फायदेमंद है। बजट में सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। आईआईएम खुलने से सूबे को काफी फायदा मिलेगा। बजट में नौजवान, पूर्व फौजियों, महिला सुरक्षा, खेती, ग्रामीण विकास, खेल, सुरक्षा क्षेत्र, बैंकिंग, बीमा, शिक्षा, सेहत, वातावरण संभाल, इंडस्ट्री, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के विकास के लिए अहम पहल की गई हैं।
बजट संतुलित और संपूर्ण : शर्मा
प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा ने बजट को संतुलित और संपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि विपरीत अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद विकास केंद्रित व समेकित बजट पेश कर वित्तमंत्री अरुण जेटली ने शानदार काम किया है।
जेटली ने लिया पंजाब से बदला: बाजवा
प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप बाजवा ने बजट को पूरी तरह निराशा जनक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि वित्तमंत्री अरुण जेटली ने अमृतसर में अपनी हार का बदला लिया है।
न तो किसानों के कर्ज पर कुछ हुआ, न पड़ोसी राज्यों की तरह पैकेज पर। पीएयू को कोई ग्रांट नहीं मिली। बजट में साफ कर दिया गया कि केंद्र के पास पंजाब के लिए कुछ नहीं है।
आम आदमी विरोधी बजट: जाखड़
सीएलपी लीडर सुनील जाखड़ ने कहा कि इस बजट में वित्तीय इमरजेंसी की तरफ बढ़ रहे पंजाब को कोई राहत नहीं मिली। अकाली-भाजपा सरकार कई सालों से लुधियाना में मेट्रो चलाने का ऐलान करती आ रही है।
पर बजट में कुछ नहीं मिला। सूखे के चलते किसानों के नुकसान की भरपाई को भी कोई फंड नहीं है। इससे साफ है कि एनडीए को किसानों की चिंता ही नहीं है। बजट में मुलाजिमों का भी ध्यान नहीं रखा गया।