सेक्टर-45 स्थित एक बस स्टॉप के पास युवती से स्नैचर उसका पर्स और मोबाइल छीन कर ले गया। युवती के फौरन शोर मचाने पर लोगों ने वहां से भाग रहे आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी की पहचान बुड़ैल निवासी 19 वर्षीय सर्वेश के तौर पर हुई है। सेक्टर-34 थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
सेक्टर-44 स्थित चैतन्य अस्पताल में काम करने वाली बुड़ैल निवासी प्रियंका गुप्ता शाम करीब 7:30 बजे छुट्टी होने पर घर जा रही थी। जैसे ही वह पैदल-पैदल सेक्टर-45 के सरकारी स्कूल की पिछली तरफ बस स्टॉप पर पहुंची तो एक युवक पीछे से आया और उसके हाथ से पर्स और मोबाइल स्नैच कर ले भागा। प्रियंका ने फौरन शोर मचा दिया। इससे वहां लोग जमा हो गए और आरोपी का पीछा कर उसे मौके से ही दबोच लिया। आरोपी सर्वेश मूलरूप से यूपी के उन्नाव जिले का रहने वाला है और पिछले डेढ़ महीने से बुड़ैल में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को आरोपी से शिकायतकर्ता का पर्स और मोबाइल फोन बरामद हो गया है। पर्स में एक हजार रुपए कैश व अन्य सामान था।
महिला को झांसा देकर कड़ा और चेन ले भागा युवक
इंदिरा कॉलोनी निवासी शांति देवी को झांसा देकर सेक्टर-27 की ग्रेन मार्केट से एक युवक उनका सोने का कड़ा और चेन ले भागा। शांति देवी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि शुक्रवार दोपहर वह सेक्टर-27 के ग्रेन मार्केट बस स्टॉप पर बस से उतरी थी। उसे वहां से खरीदारी करनी थी।
जैसे ही वह बस स्टॉप पर उतर कर ग्रेन मार्केट के अंदर जाने लगी थी तो इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे रोका और उससे कहा कि, शहर में सुरक्षा के मद्देनजर आप सोने के आभूषण इस तरह से पहन कर नहीं घूम सकते। इसके बाद उस व्यक्ति ने शांति को एक कागज देते हुए कहा कि वह अपने सोने की चेन और कड़ा इसमें लपेट कर अपने बैग में रख ले। उसकी बातों में आकर शांति ने सोने की चेन और कड़ा उस कागज में रख दिया। उस व्यक्ति ने कागज में गहने लपेट कर उसे पकड़ा दिए।
इसे शांति ने अपने बैग में डाल लिया। थोड़ा आगे जाकर शांति ने दोबारा बैग में से निकालकर जब वह कागज चेक किया तो उसमें चेन और कड़ा नहीं था। इसके बाद उसे ठगे जाने का अहसास हुआ और उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।