फेस्टिवल सीजन में मिठाई में मिलावट की आशंका के चलते चंडीगढ़ हेल्थ प्रशासन ने सख्ती बरतनी शुरू की है। चेकिंग अभियान शुरू करने के साथ ही लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
अगर किसी व्यक्ति को मिठाई में मिलावट नजर आए तो तुरंत इन नंबरों पर कॉल करके हेल्थ प्रशासन को सूचित करें। प्रशासन जांच पड़ताल कर तत्काल एक्शन लेगी।
सूचना दें इन नंबरों पर
डा. केएस राणा----------------------9815598833
डा. इंद्रपाल सिंह---------------------9815487673
भारत कनौजिया (एफएसओ)----------8968216655
मिठाई की दुकानों पर हो रही छापेमारी
फेस्टिवल सीजन में मिलावटी मिठाई बेचने वालों के खिलाफ चंडीगढ़ हेल्थ प्रशासन ने शनिवार को युद्ध स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान की कमान एडिशनल हेल्थ सेक्रेटरी एसके सेतिया ने संभाली। उनके निर्देश पर तीन टीमें बनाई गईं। पहली टीम दड़वा, दूसरी टीम मनीमाजरा व तीसरी टीम इंडस्ट्री एरिया में भेजी गई।
मनीमाजरा में पन्ना व शिवम स्वीट्स हाउस में छापे मारे गए। दोनों दुकानों से 15 किलो रसगुल्ले व पांच से छह किलोग्राम मट्ठियां पकड़ी गईं। दोनों ही स्वीट्स हाउस में इन हाइजिन तरीके से सामान बनाया जा रहा था। इस दौरान समोसे में इस्तेमाल की जाने वाली सड़ी आलू भी पकड़ी गई।
अधिकारियों ने आलू और मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया और दोनों दुकानों का चालान भी कर दिया गया। साथ ही एक अन्य दुकान पर दस लीटर गंदा तेल पकड़ा गया। इस तेल का मिठाई बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा था। रामदरबार की एक मिठाई की दुकान से भी काफी गंदा सामान पकड़ा गया।
दड़वा में एक कुंतल खराब बादाम पकड़ा
स्वास्थ्य विभाग की दूसरी टीम ने दड़वा में छापेमारी की। इस दौरान चंडीगढ़ स्वीट्स हाउस से फंगस लगा एक कुंतल बादाम पकड़ा। उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। यहां पर खुद एडिशनल हेल्थ सेक्रेटरी एसके सेतिया ने मोर्चा संभाल रखा था। उसके बाद अग्रवाल स्वीट्स हाउस में मिठाई को कलर देने के लिए मिलाए जा रहे सिंथेटिक कलर को पकड़ा गया।
इस कलर से करीब 55 किलो मिठाई बनाई गई थी। मिठाई को मौके पर नष्ट कराया गया। उसके बाद पास की दुकान से केमिकल के ड्रम में रखे दूध को नष्ट किया गया। ड्रम को कबाड़ी से खरीदा गया था। इसमें दूध डालने से उसका कलर भी चेंज हो गया था।
इसमें करीब 50 लीटर दूध था। उसे भी मौके पर नष्ट किया गया। यहां पर देखने को मिला कि हलवाई कारीगर के नाखून भी काफी बड़े थे। अधिकारियों ने स्वीट्स हाउस को हिदायत देकर साफ-सुथरा माहौल बनाने का आदेश दिया।