मनीमाजरा। मौलीजागरां के विकास नगर में इन दिनों काफी संख्या में लोग और बच्चे उल्टी, दस्त, बुखार, सिर दर्द जैसी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। लोकल डॉक्टर के पास मरीजों की कतारें लगी हुई हैं। इसे लेकर भाजपा के प्रदेश सचिव शशी शंकर तिवारी ने आरोप लगाया कि विकास नगर में गंदा पानी आने से लोगों में यह बीमारियां फैल रही है। इसे लेकर उन्होंने चीफ इंजीनियर एमपी शर्मा ने बात करके उनको अनुरोध किया है कि जल्द इस पर ध्यान दिया जाए नहीं तो यह बीमारियां भयानक रूप ले सकती है। उन्होंने कहा कि पीने वाला पानी गंदा आने से डायरिया-हैजा जैसी बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि कुछ स्थानीय डॉक्टरों ने उनको बताया कि 5-6 दिन से स्थिति भयानक होती जा रही है। लगातार डायरिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। तिवारी ने कहा कि इस बात की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने ऐसे बीमारी वाले 50 घरों में जाकर संपर्क किया है। उन्होंने चीफ इंजीनियर से बात कर पानी की जल्द चेक करने और उसमें आ रही समस्या का समाधान करने की गुहार लगाई है। हालांकि एमपी शर्मा ने आश्वासन दिया है कि विकास नगर में आ रही समस्या को चेक करवा कर जल्द ठीक कराया जाएगा।