ट्रैफिक जंक्शनों पर लगेंगे मिस्ट फाउंटेन, धूल के कणों को करेंगे नीचे
चंडीगढ़। शहर के प्रदूषण हॉट स्पॉट पर धूल के कणों को कम करने के लिए नगर निगम प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों पर मिस्ट फाउंटेन लगाने की तैयारी कर रहा है। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) के तहत इस पहल के लिए चीफ इंजीनियर संजय अरोड़ा ने वीरवार को सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर पब्लिक हेल्थ योगेश अग्रवाल और एक्सईएन अजय गर्ग के साथ प्रमुख चौकों का निरीक्षण किया। टीम ने ट्रैफिक दबाव, उपलब्ध जगह और तकनीकी जरूरतों का आकलन किया। मिस्ट फाउंटेन से पानी की बेहद महीन बूंदों का छिड़काव होगा, जो हवा में मौजूद धूल के कणों को नीचे बैठाने में मदद करेगा। संजय अरोड़ा के अनुसार, प्रदूषण प्रभावित स्थानों पर टिकाऊ उपाय तलाशे जा रहे हैं। फिलहाल स्थानों और तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन हो रहा है। फाउंटेन की संख्या और जगह पर अंतिम निर्णय होना बाकी है। संवाद