मोहाली। सेक्टर-91 में एक नाबालिग के साथ पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने दो बार दुष्कर्म किया। नाबालिग की मां की शिकायत पर सोहाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह कोठी में सफाई का काम करती है। उसके चार बच्चे हैं जिनमें से सबसे बड़ी लड़की जिसकी उम्र 14 साल है वह खाना बनाने का काम करती है। उनके घर के पास आरोपी तीन से चार झुग्गियां छोड़कर रहता है जो अक्सर उसकी लड़की पर गलत निगाह रखता था। लड़की कुछ समय से डरी हुई लग रही थी जिसे वह गांव लेकर चली गई। जब वह वापस आ रहे थे तो लड़की ने बताया कि 22 जुलाई को सात से आठ बजे के बीच में जब वह काम से घर जा रही थी तो आरोपी उसके रास्ते में खड़ा हो गया जिसने उसे आते ही देखकर एकदम से उसे झाड़ियों में धक्का दे दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया और उससे कहा कि अगर वह किसी को भी इस बारे में बताएगी तो वह उसका वीडियो वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने 23 जुलाई को फिर दुष्कर्म किया।