महिला कोच से छेड़छाड़ मामले में आरोपी हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह की ब्रेन मैपिंग कराए जाने को लेकर शुक्रवार को जिला अदालत में सुनवाई हुई। जज तेजप्रताप सिंह रंधावा की अदालत में संदीप सिंह की तरफ से उनके वकील पंकज शर्मा ने याचिका का जवाब दाखिल करने के लिए समय मांगा। अदालत ने मंत्री को समय देते हुए इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 13 अप्रैल तय की है।
पुलिस ने दायर की है याचिका
इस मामले की जांच कर रही चंडीगढ़ पुलिस की एसआईटी ने जिला अदालत में संदीप सिंह के ब्रेन मैपिंग टेस्ट कराने के लिए याचिका दायर की थी। पुलिस ने याचिका में कहा है कि मामले में सच्चाई का पता लगाने के लिए संदीप सिंह की ब्रेन मैपिंग करवानी है। कोर्ट की ओर से इस मामले में सुनवाई के लिए 31 मार्च की तारीख दी गई थी।
क्या है मामला
महिला कोच ने संदीप सिंह के खिलाफ छेड़छाड़ को लेकर पुलिस को शिकायत दी थी। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने शिकायत के बाद संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इस मामले में संदीप सिंह की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। प्रेसवार्ता कर महिला कोच ने मामले की जानकारी मीडिया को दी थी। महिला कोच ने कहा था कि मंत्री ने उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया। पहले तो उन्होंने बचने की कोशिश की लेकिन उन्होंने परेशान करना जारी रखा। महिला कोच की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने संदीप सिंह के खिलाफ 31 दिसंबर को मामला दर्ज किया था। इस पूरे मामले की जांच एसआईटी कर रही है।