पत्रकारों से बात करते मंत्री डाॅ. रवजोत
- फोटो : अमर उजाला
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की ओर से अपने एक्स अकाउंट पर कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह की आपत्तिजनक तस्वीरें साझा करने के मामले में मंत्री ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। होशियारपुर पुलिस ने इसकी जांच भी शुरू कर दी है। शिकायत की एक कॉपी डीजीपी गौरव यादव और इलाके के एसएसपी को भी दी गई है।
यह भी पढ़ें: Kamal Kaur Murder: हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने क्या किया, अमृतपाल कैसे भागा यूएई? रिमांड में उगला हर सच
मजीठिया ने मंगलवार को अशोक कुमार नांगलिया नाम से बने एक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की तस्वीरों को अपने एक्स अकाउंट पर साझा किया। इसके बाद मजीठिया ने कैबिनेट मंत्री की एक महिला के साथ कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कैबिनेट मंत्री ने एक्स पर कहा था कि ये तस्वीरें उनकी पूर्व पत्नी के साथ की हैं, जिन्हें एआई टूल का प्रयोग कर छेड़छाड़ कर गलत तरीके से पेश किया गया है।
रवजोत बोले- दलित मंत्रियों को बदनाम कर रहे
मंत्री ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि लुधियाना पश्चिम उपचुनाव में आप की जीत को देखते हुए विपक्षी उन्हें टारगेट कर रहे हैं। उनकी तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया गया है। आठ साल पहले उनका पहली पत्नी के साथ तलाक हो गया था। वहीं, बुधवार को जालंधर में मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, पार्टी महासचिव दीपक बाली के साथ मीडिया से मुखातिब हुए और कहा कि पंजाब से जिन नेताओं का जनाधार खत्म हो चुका है, ऐसे नेता वाहवाही लूटने के लिए दलित मंत्रियों को बदनाम कर रहे हैं। यह सिर्फ निजी हमला नहीं, यह जातीय और राजनीतिक साजिश है। मंत्री मीडिया से बात करते भावुक भी हो गए और कहा कि मेरी छोटी बच्चियां हैं, उनके दिलो दिमाग को कितनी ठेस पहुंची होगी?