भाई के साथ स्कूल जा रही छात्रा को पीछे से आ रही मिनी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। हादसा पिंजौर-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंजौर ब्लॉक के गांव गरीड़ा के पास हुआ।
कीरतपुर स्थित भट्टे के मुंशी ने बताया कि देवबंद उत्तरप्रदेश निवासी यासीन अपने परिवार के साथ भट्ठे पर रहकर यहां लेबर का काम करता है। यासीन की बेटी गुलशाना (11) बसौंला के स्कूल में पांचवीं में पढ़ती थी। वह सुबह गांव कीरतपुर से गांव बसौंला स्थित स्कूल में अपने भाई के साथ जा रही थी।
वह गरीड़ा पेट्रोल पंप के पास पहुंची तो बद्दी की ओर से पिंजौर आ रही मिनी बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद बस चालक ही गुलशाना को जेएन शोरी अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की मौत हो चुकी है।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर बस कब्जे में ले ली है। कालका सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया।