चंडीगढ़। बंगलूरु में चल रहे 64वें सुब्रतो कप (अंडर-15) फुटबॉल टूर्नामेंट में मिनर्वा पब्लिक स्कूल ने शानदार जीत दर्ज कर अभियान की शुरुआत की। सीआईएससीई की ओर से खेल रही मिनर्वा टीम ने हरियाणा को 2-1 से मात दी।
विज्ञापन
पूल-ए के पहले मैच में मिनर्वा ने तेज शुरुआत की, लेकिन डिफेंस में हुई गलती से टीम पिछड़ गई। हरियाणा ने बढ़त बनाई और स्कोर 0-1 रहा। पहला हाफ इसी स्कोर के साथ खत्म हुआ।
दूसरे हाफ में मिनर्वा ने आक्रामक खेल दिखाया। गुरतेजवीर सिंह ने 32वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद एल किपगेन ने दूसरा गोल दागकर टीम को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिलाई। इसी स्कोर के साथ मिनर्वा ने जीत दर्ज की। पहली जीत के बाद अब मिनर्वा पब्लिक स्कूल का अगला मुकाबला आईपीएससी से होगा। खिलाड़ियों में आत्मविश्वास और जोश देखने को मिला। तय उम्र से बड़े खिलाड़ियों को खिलाने पर 21 टीमें बाहर, मिनर्वा साबित हुई क्लीन
विज्ञापन
एक दिन पहले ही सुब्रतो कप आयोजकों ने निर्धारित उम्र से बड़े खिलाड़ियों को खिलाने पर सख्त कार्रवाई की थी। 21 टीमों को बाहर कर दिया गया, जबकि मिनर्वा के सभी खिलाड़ी सही पाए गए। इससे टीम की ईमानदार खेल भावना भी साबित हुई। मिनर्वा पब्लिक स्कूल की टीम हाल ही में यूरोप दौरे पर गई थी। यहां उसने गोथिया कप का खिताब जीता, जबकि दाना कप और नॉर्वे कप भी अपने नाम किए।