साधु नगर और भांखरपुर में कुत्तों का आतंक, नसबंदी और टीकाकरण की मांग
डेराबस्सी। सब-डिवीजन डेराबस्सी के साधु नगर और गांव भांखरपुर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। गलियों और सड़कों पर झुंड में घूमने वाले कुत्तों के कारण लोगों में डर का माहौल है। निवासियों का आरोप है कि कई राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्ते हमला कर चुके हैं। लोगों के अनुसार, शाम के समय कुत्तों का आतंक बढ़ जाता है। अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डरते हैं। दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि कई बार कुत्तों के अचानक सड़क पर आने से हादसे भी हुए हैं। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार नगर परिषद को शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो नगर परिषद के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
**कैप्शन :** साधु नगर और भांखरपुर की गलियों में घूमते आवारा कुत्ते।